हवामहल के सामने युवती को टक्कर मारने वाली टैक्सी का चालक गिरफ्तार

0
50
Taxi driver who struck young woman in front of Hawa Mahal arrested.
Taxi driver who struck young woman in front of Hawa Mahal arrested.

जयपुर। पुलिस थाना माणक चौक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हवामहल के सामने एक युवती को लापरवाही से टक्कर मार कर घायल करने वाले टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हादसे में प्रयुक्त टैक्सी कार को भी बरामद कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि एक युवक ने थाने पर एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 5 मई की रात जब वह अपने मित्रों के साथ हवा महल घूमने आया था, तब वापस लौटते समय एक टैक्सी कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और प्रार्थी की महिला मित्र को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी चालक घायल की मदद करने या पुलिस को सूचना देने के बजाय मौके से फरार हो गया।

जांच में सामने आया कि हादसे के दिन टैक्सी चालक हवा महल के सामने से गुजर रहा था। वह हवा महल के सामने फोटो लेने के लिए कुछ दूरी पर गाड़ी रोककर टैक्सी को बैक साइड (पीछे) में चला कर ला रहा था। इसी दौरान उसने लापरवाही बरतते हुए पीछे आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर प्रथम) नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त (माणक चौक) के निर्देशन में माणक चौक थाना अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष निगरानी दल का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आसूचना संकलित की। इस विश्लेषण से दुर्घटना में शामिल टैक्सी कार का नंबर सामने आया। पुलिस ने कार की तकनीकी ट्रैकिंग शुरू की।

जिससे पता चला कि आरोपी कार लेकर सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी और कोतवाली इलाका होते हुए सांगानेर की तरफ भाग रहा है। इस पर मुहाना थाना इलाके में नाकाबंदी कर पुलिस टीम ने आरोपी को कार सहित दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक शाक्य (21) पुत्र राजेश कुमार, निवासी गांव जेतरा गाडिया माखन (एटा, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जयपुर में किराए पर रहता है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here