चार घंटे की सेवा से सजा ठाकुरजी का फूल बंगला: श्री सरस निकुंज में बिखरी ब्रज की छटा

0
31
Thakurji's 'Phool Bangla' adorned after four hours of devotional service.
Thakurji's 'Phool Bangla' adorned after four hours of devotional service.

जयपुर। पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में सुभाष चौक स्थित पानों का दरीबा में श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में रविवार को ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकारका मनोहारी फूल बंगला सजाया गया। रंग-बिरंगे एवं सुगंधित पुष्पों से सजी ब्रज शैली की झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में श्री सरस निकुंज परिसर को विभिन्न प्रकार के पुष्पों की कलियों और आशापाला के पत्तों से आकर्षक रूप से सजाया गया। सजावट में ब्रज संस्कृति और पारंपरिक स्थापत्य कला की झलक दिखाई दी।

उन्होंने बताया कि फूल बंगला झांकी में जाली, झरोखे, तिवारी, छज्जे एवं गोखों का स्वरूप पुष्प सज्जा के माध्यम से तैयार किया गया। चीड़ की लकड़ी से निर्मित टाटियों पर विशेष पुष्प अलंकरण कर फूल बंगला बनाया गया। इस सेवा कार्य में श्री सरस परिकर के वैष्णव भक्तों ने अपरस सेवा पद्धति की मर्यादा का पालन करते हुए करीब चार घंटे की सेवा देकर ठाकुरजी के लिए फूल बंगला तैयार किया।

इस अवसर पर ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार को रंग-बिरंगे सुगंधित पुष्पों के मध्य विराजमान कर विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं के लिए झांकी के दर्शन शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुले रहे।

फूल बंगला महोत्सव के दौरान पूर्ववर्ती आचार्यों द्वारा रचित पारंपरिक पदावलियों का सामूहिक गायन भी किया गया। भजन, संकीर्तन और मधुर पदगायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पुष्पों की सुगंध, मनोहारी श्रृंगार और भक्ति रस से सराबोर श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दिव्य दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here