जयपुर। तुंगा थाना क्षेत्र में 36 वर्षीय विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पीहर पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी के 18 साल बाद भी संतान नहीं होने के कारण ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। मृतका के भाई ने इसे हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल रमेश के अनुसार कोटखावदा के द्वारका निवासी ममता (36) की शादी वर्ष 2008 में तुंगा के दनाऊ कलां निवासी गोविंद नारायण, जो होमगार्ड जवान है, से हुई थी। 8 जुलाई दोपहर करीब एक बजे परिजन उसे बुलाने कमरे में पहुंचे तो वह चुन्नी के फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बस्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतका के भाई सुरेश कुमार ने पति गोविंद नारायण सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संतान नहीं होने के कारण ममता को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पिछले दो-तीन वर्षों से उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट भी करता था।
पीहर पक्ष का कहना है कि ममता ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















