जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने फार्म हाउस पर सिर कटी लाश मिलने के मामले में युवक की हत्या होने से इनकार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक की मौत 7 दिन पहले शराब के अत्यधिक नशे के चलते हो गई थी। इसके बाद कुत्तों ने नोचकर सिर धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने रविवार दोपहर बगरू सीएससी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि अजमेर रोड पर ठिकरिया टोल प्लाजा के पास एक फार्म हाउस पर शनिवार सुबह सिर व धड़ अलग-अलग पड़ा मिला था। व्यक्ति का सिर शव से करीब 15 फीट दूर पड़ा था। काफी दिन पुराना होने के कारण शव से उठी बदबू से परेशान पड़ोसियों ने शिकायत दी थी।
शव के पास मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान ग्राम पंचायत देवलिया के गांव रामपुरा के रहने वाले श्रवण लाल प्रजापत (48) पुत्र पांचू राम प्रजापत के रूप में हुई थी। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाकर शव को बगरू सीएससी में रखवाया था। पुलिस ने रविवार दोपहर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मृतक श्रवण लाल प्रजापत जयपुर में काम करता था। शराब पीने का आदी था। कई बार दो-चार दिन तक घर नहीं लौटता था। मोबाइल भी नहीं रखता था। 15 मार्च को घर से निकला था। इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। पहले की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने अपने स्तर पर ढूंढ़ने के बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज नहीं करवाई।
पुलिस प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि 15 मार्च को ही शराब के अत्यधिक नशे के कारण वह फार्म हाउस में पेड़ के नीचे बैठ गया। अत्यधिक नशे में होने के कारण उसकी बैठे-बैठे ही मौत हो गई। कोई संभालने वाला नहीं होने के कारण शव सड़ गया। शव को कुत्तों ने नोंचना शुरू किया। कुत्तों के नोच-नोच कर धड़ से सिर को अलग तक कर डाला।




















