डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए आईएमए चलाएगा जन जागरूकता अभियान

0
47

जयपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) राजस्थान शाखा ने डॉक्टर्स डे के अवसर पर नई राज्य कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले करीब 150 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। राज्यपाल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन पूर्व निर्धारित सरकारी कार्यक्रम के कारण वे शामिल नहीं हो सके। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, सांसद डॉ. करण सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि आईएमए का मुख्य उद्देश्य डॉक्टरों और मरीजों के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ बढ़ रही हिंसा को रोकने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाना है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों के साथ मारपीट और अस्पतालों में हिंसा की घटनाओं को देखते हुए आईएमए एक लघु फिल्म तैयार करेगा, जिसे गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि डॉक्टर हमेशा मरीज के हित में कार्य करते हैं।

उन्होंने बताया कि जयपुर में राज्य मुख्यालय होने के बावजूद आईएमए का अपना कार्यालय नहीं है। इसके लिए राज्य सरकार से भूमि उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। साथ ही अस्पतालों में विवाद और डॉक्टरों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रभावी व्यवस्था विकसित करने तथा मौजूदा एसओपी को और सुदृढ़ बनाने पर भी कार्य किया जाएगा।

डॉ. शर्मा ने कहा कि सम्मानित चिकित्सकों का चयन उनके उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर किया जाता है। प्रदेश में हजारों चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं और सभी अपने-अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मरीजों से अपील की कि वे डॉक्टर को भगवान न मानें, बल्कि जिस चिकित्सक पर विश्वास हो, उसी से उपचार कराएं, क्योंकि चिकित्सा का आधार विश्वास है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here