जयपुर। एमआई रोड स्थित शनिधाम में पौष पूर्णिमा पर शनिवार को पौष बड़ा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। शनिदेव को चौंला, मूंग दाल के बड़े, सूजी का हलवा, पूड़ी और सब्जी का भोग अर्पित किया गया। भोग के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। भक्तों ने पंगत में बैठकर सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सामाजिक समरसता और अपनत्व का भाव देखने को मिला।
इससे पूर्व सुबह शनिधाम के महंत मगन लाल के सान्निध्य में शनिदेव का 551 किलो तेल से अभिषेक किया गया। नवीन पोशाक धारण कराकर फूल बंगला झांकी सजाई गई। तेल से शनिदेव का अभिषेक करने के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। शाम के समय भजन संध्या में कलाकारों ने सूर्य पुत्र शनिदेव की महिमा का भावपूर्ण गुणगान किया। भजनों से शनिधाम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।




















