जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दौसा रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि थानाधिकारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार सीएसटी जयपुर शहर के कांस्टेबल वेदवीर से सूचना मिली कि सफेद रंग की कार दौसा की ओर से मनोहरपुर होकर जयपुर अथवा दिल्ली की तरफ जा सकती है। कार में दो संदिग्ध व्यक्ति सवार होने तथा उनके पास हथियार होने की आशंका जताई गई थी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए मनोहरपुर थाना पुलिस ने दौसा रोड पर तत्काल नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों युवकों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस मिले। हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने पिस्तौल और कारतूस जब्त कर लिए। हथियार ले जाने में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया।
पुलिस ने इस मामले में श्रीराम सेवलिया (31) निवासी अजीतगढ़ जिला सीकर तथा अमन कुमार सैनी (25) निवासी अजीतगढ़ जिला सीकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि अवैध हथियार वे कहां से लेकर आए थे, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और हथियार रखने के पीछे उनकी क्या मंशा थी। पुलिस हथियार तस्करी या सप्लाई से जुड़े संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सोहन लाल, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार व मुकेश कुमार, कांस्टेबल सुरज्ञान, दीपचंद, रमेश चंद, संदीप और रामचंद्र तथा सीएसटी जयपुर शहर के कांस्टेबल वेदवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















