वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए अगले सप्ताह खुलेगा पोर्टल

0
32
The portal for the Senior Citizen Pilgrimage Scheme will open next week.
The portal for the Senior Citizen Pilgrimage Scheme will open next week.

जयपुर। देवस्थान विभाग राजस्थान की ओर से संचालित ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27’ के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अगले सप्ताह शुरू होगी। शासन सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने विभागीय पोर्टल को 15 दिनों के लिए खोलने के निर्देश दिए।

योजना के तहत इस वर्ष 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। इनमें 50 हजार यात्रियों को ट्रेन और 6 हजार को हवाई यात्रा का लाभ मिलेगा। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री कुमावत ने बताया कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा” के तहत 5 जून 2026 को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से विशेष धार्मिक पर्यटक ट्रेन रवाना होगी। इस ट्रेन से करीब 1000 वरिष्ठजन द्वारका, नागेश्वर और सोमनाथ के दर्शन करेंगे। ट्रेन अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर भी रुकेगी।

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 6 जून को ट्रेन सोमनाथ पहुंचेगी, जहां यात्रियों के ठहरने और स्थानीय भ्रमण की व्यवस्था होगी। इसके बाद द्वारका और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे तथा 10 जून को ट्रेन जयपुर लौटेगी।

मंत्री ने बताया कि ट्रेन में 14 वातानुकूलित कोच, दो पावर कार और एक पैंट्री कार लगाई जाएगी। यात्रियों के लिए भोजन, होटल, स्थानीय परिवहन और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था देवस्थान विभाग की ओर से की जाएगी। प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक, एक डॉक्टर और दो नर्सिंगकर्मी भी तैनात रहेंगे।

कुमावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक हो ताकि वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। साथ ही यात्रा के दौरान सुरक्षा, भोजन, चिकित्सा और ठहरने की व्यवस्थाएं त्रुटिहीन रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मंदिरों के जीर्णोद्धार, सिंधु दर्शन योजना, कैडर रिव्यू, नई भर्ती प्रक्रिया, ट्रस्ट रजिस्ट्रेशन और लंबित न्यायालयीन मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here