जयपुर। दुर्गापुरा स्थित प्रसिद्ध चौराहे वाले हनुमान मंदिर परिसर में आगामी 11 और 12 जुलाई को दो दिवसीय भव्य ‘शिव परिवार मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक अनुष्ठान बाबा रामदेव मंडल, दुर्गापुरा के तत्वावधान में और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से आयोजित हो रहा है।
मंडल के संरक्षक बाबूलाल मोरवाल एवं छीतरमल वर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय महोत्सव को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
महोत्सव का शुभारंभ 11 जुलाई को सुबह 7 बजे भव्य कलश यात्रा और मूर्ति नगर परिक्रमा के साथ होगा। इस कलश यात्रा में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा पारंपरिक वेशभूषा में मंगल गीतों के साथ शामिल होंगे। नगर परिक्रमा के दौरान शिव परिवार की मूर्तियों का विभिन्न मार्गों से भ्रमण करवाया जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन 12 जुलाई को मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। जिसमें सुबह 7 बजे से दोपहर सवा 12 बजे तक विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा के बाद नूतन विग्रहों का फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा और विशेष महाआरती उतारी जाएगी। शाम साढ़े 5 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल प्रसादीका आयोजन होगा, जिसमें सभी भक्तों को प्रसादी वितरित की जाएगी।



















