जयपुर। भगवान महावीर के 2552वें निर्वाणोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में विश्व शांति, अहिंसा और शाकाहार का संदेश लेकर 40वीं श्री महावीर जी पदयात्रा 14 अक्टूबर को जयपुर से रवाना होगी। श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ के तत्वावधान में यात्रा दोपहर 3 बजे आगरा रोड स्थित खानिया जी (संगही जी की नसिया) से गाजे-बाजे के साथ शुरू होगी। पदयात्रा के बहुरंगी पोस्टर का विमोचन दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी के अध्यक्ष एडवोकेट सुधांशु कासलीवाल ने किया।
प्रचार संयोजक विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि संरक्षक सुभाष चंद्र जैन और संयोजक महेश चंद्र जैन के नेतृत्व में पदयात्री 15 अक्टूबर को मोहनपुरा, 16 को दौसा, 17 को सिकंदरा और 18 अक्टूबर को गुढ़ाचंद्रजी-नादौती होते हुए 19 अक्टूबर को श्री महावीर जी पहुंचेंगे। यहां विशाल जुलूस, सामूहिक दर्शन, पदयात्री सम्मान समारोह, महाआरती, भक्ति संध्या और आध्यात्मिक कवि सम्मेलन होगा।
20 अक्टूबर को शांति विधान पूजा के बाद दोपहर 2 बजे जयपुर वापसी होगी। संघ की ओर से नि:शुल्क बसों की व्यवस्था रहेगी। यात्रा मार्ग में धार्मिक प्रश्न मंच, ‘मेरा भारत महान’ हाउजी और धार्मिक ज्ञान प्रकाश प्रतियोगिताएं होंगी। देशभर के श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। जयपुर व ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क भी जारी है।



















