प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव और निवेश से प्रदेश को मिलेगी नई ताकत: डॉ. सौम्या गुर्जर

0
28

जयपुर। नगर निगम जयपुर ग्रेटर की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर का मुंबई प्रवास के दौरान राजस्थान फाउंडेशन, मुंबई चैप्टर की ओर से अध्यक्ष गणपत कोठारी के नेतृत्व में सम्मान किया गया। इस दौरान प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। फाउंडेशन पदाधिकारियों ने नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर डॉ. सौम्या को शुभकामनाएं दीं तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा की।

डॉ. सौम्या ने कहा कि महाराष्ट्र सहित देशभर में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से राजस्थान का नाम रोशन किया है। उनके अनुभव, कौशल, निवेश और सामाजिक जुड़ाव का उपयोग रोजगार, उद्योग, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक विकास में किया जा सकता है। उन्होंने प्रवासी समाज की प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

फाउंडेशन पदाधिकारियों ने उनके महापौर कार्यकाल में जयपुर में स्वच्छता, शहरी विकास, जनसुविधाओं और महिला सशक्तीकरण के कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण में जयपुर के 16वें स्थान पर रहने को भी गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुंबई प्रवास के दौरान डॉ. सौम्या गुर्जर सृष्टि फाउंडेशन की ओर से नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने साहित्य एवं संस्कृति से जुड़े आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक संवेदनशीलता और सांस्कृतिक चेतना मजबूत करते हैं।

कार्यक्रमों में गणपत कोठारी, महेन्द्र सुराणा, डॉ. संजय सिन्हा, वरुण मलिक सहित फाउंडेशन पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। डॉ. सौम्या ने सम्मान और स्वागत के लिए आभार जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here