जयपुर। राजधानी जयपुर में पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत थाईलैंड (बैंकॉक) से तस्करी कर लाए गए हाई-क्वालिटी हाईड्रोफोनिक वीड (ऑर्गेनिक विदेशी गांजा) की बड़ी खेप पकड़ी है।
जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस 910 ग्राम गांजे की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक लग्जरी कार सहित तीन हाई-प्रोफाइल तस्करों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत सीएसटी टीम ने सांगानेर और प्रताप नगर थाना इलाके में दबिश दी। जहां सीएसटी टीम ने हाई-क्वालिटी हाईड्रोफोनिक वीड (ओर्गेनिक विदेशी गांजा) बरामद किया है।
विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश ने बताया कि सांगानेर थाना इलाके से आरोपी मौलिक निवासी वैशाली नगर और फोरमेन सैनी निवासी टोंक हाल जगतपुरा को दबोचा गया। इनके पास से 541 ग्राम विदेशी गांजा, 1.55 लाख रुपये कैश और एक लग्जरी कार बरामद हुई। वहीं प्रतापनगर थाना इलाके में स्थित कुम्भा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए नितिन शर्मा निवासी बांदीकुई जिला दौसा हाल प्रतापनगर को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से 369 ग्राम हाइड्रोफोनिक वीड बरामद हुई।
पूछताछ में सामने आया कि यह कोई साधारण गांजा नहीं,बल्कि थाईलैंड से तस्करी कर लाया गया ऑर्गेनिक नशा है, जिसे नशेड़ी अपनी कोड भाषा में ओजी कहते हैं। यह नशा बेहद महंगा है और शहर के रईसजादों व पार्टी सर्किट्स में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस उपायुक्त अपराध अभिजीत सिंह ने बताया कि आरोपी लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को शक न हो। ये तस्कर सोशल मीडिया और गुप्त नेटवर्किंग के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बैंकॉक से यह नशा जयपुर तक किस रास्ते से पहुंचा और इस चेन में और कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं। इस बड़ी सफलता में इंस्पेक्टर खलील अहमद, हेड कांस्टेबल लखन, प्रभाकर और कांस्टेबल सतीश व राजकुमार की अहम भूमिका रही।




















