टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्ध दस्तयाब

0
40

जयपुर/कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग के मामले में राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोटा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल होने के संदेह में तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से दस्तयाब किया है। इनमें दो वयस्क और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजस्थान के रास्ते विदेश भागने की फिराक में थे। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस को सूचना दे दी गई है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में कोटा शहर पुलिस ने आसूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारियों की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर कोटा रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर तीनों को दस्तयाब किया।

दो राज्यों के निवासी, मुंबई में रह रहे थे आरोपी

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के अनुसार दस्तयाब आरोपियों में रेहान उर्फ सुक्का (18), निवासी ईदगाह कॉलोनी, सोनीपत, हरियाणा और ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22), निवासी पिपराई, बेगूसराय, बिहार, हाल निवासी अंधेरी पश्चिम, मुंबई शामिल हैं। इनके साथ एक नाबालिग बालक को भी डिटेन किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना के बाद से आरोपी फरार थे। कोटा पुलिस को सूचना मिली थी कि वे राजस्थान के रास्ते देश से बाहर निकलने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें रेलवे स्टेशन से दस्तयाब किया।

मुंबई पुलिस को सौंपी जाएगी आगे की कार्रवाई

कोटा शहर पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों को आधिकारिक रूप से सूचित किया गया है। मामले में आरोपियों की कथित भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

कई पुलिस टीमों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में रेलवे कॉलोनी थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा, भीमगंजमंडी थाना प्रभारी रामविलास मीणा, जिला विशेष टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक लईक अहमद, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजय सिंह, एजीटीएफ के उपनिरीक्षक प्रताप सिंह, आरपीएफ कोटा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक चोप सिंह डाबर और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here