जयपुर। ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी के मातहत आमेर स्थित कनक घाटी में मंदिर श्री राधा माधव जी में गौरांग महाप्रभु जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य 10 मई को शाम 6 से 7 बजे तक जलयात्रा उत्सव मनाया जाएगा। ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाई जाएगी। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी जी के सान्निध्य में नित्यानंद महाप्रभु, गौरांग महाप्रभु एवं प्राणधन ठाकुर श्री गोविन्द देव जी के श्रीविग्रह की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। उल्लेखनीय है कि मंदिर श्री राधा माधव जी, आमेर की कनक घाटी स्थित ठाकुर श्री राधा गोविन्द देवजी का मातहत मंदिर है।
यह ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मान्यता है कि जयपुर स्थापना से पूर्व यह स्थल ‘कनक वृंदावन’ के नाम से विख्यात था। यहां महाकवि जयदेव गोस्वामी ने ‘गीत गोविंद’ की रचना की गई थी। मानसागर के उत्तर-पश्चिमी छोर पर स्थित यह क्षेत्र आज भी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, कदंब वृक्षों और उपवनों के कारण श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।



















