जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के फुलेरा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने की नथ लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने लूटी गई नथ और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि गुर्जरों की ढाणी, रोजड़ी निवासी परिवादी गोपाल लाल गुर्जर ने 16 अप्रैल को मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार 2 अप्रैल को उनकी दादी घर से करीब 300 मीटर दूर खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश रास्ता पूछने के बहाने रुके और मौका पाकर महिला की नाक से सोने की नथ झपटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू व वृताधिकारी सांभरलेक के सुपरविजन तथा थानाधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने सूचनाएं एकत्र कर आरोपियों की पहचान की और उन्हें सांभरलेक जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुलदीप सिंह निवासी जीवनधारा कॉलोनी, सांभरलेक तथा नरेंद्र सिंह उर्फ निक्कू निवासी कुडली, डीडवाना-कुचामन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार कुलदीप सिंह सांभरलेक थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, नकबजनी, चोरी और मारपीट के दर्जनों मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी पूर्व में भी हत्या व लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई सोने की नथ बरामद कर ली है तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने 12 अप्रैल को सांभरलेक क्षेत्र में रुपए व सोने की अंगूठी लूटने की वारदात करना भी कबूल किया है, जिसमें उन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।



















