8.6 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

0
40
Two cunning burglars arrested.
Two cunning burglars arrested.

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के ऑपरेशन क्लीन स्वीप और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 किलो 600 ग्राम गांजा, 87 हजार रुपए नकद, गांजा तौलने का इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पैकिंग सामग्री और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के भाई-बहन भी इस अवैध कारोबार में उसकी मदद करते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर बलविन्द्र (29) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से हनुमानगढ़ टाउन का निवासी है और वर्तमान में जयसिंहपुरा खोर स्थित सब्जी मंडी के पास किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस को तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा, गांजा बेचकर कमाए गए 87 हजार रुपए नकद, गांजा तौलने का इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पैकिंग में प्रयुक्त प्लास्टिक की थैलियां, स्टेपलर तथा सप्लाई में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बाइक से जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर गांजे की सप्लाई करता था। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि उसके भाई-बहन भी गांजा सप्लाई के नेटवर्क में उसकी मदद करते थे। आरोपी इलाके में सट्टा खेलने और खिलाने का काम भी करता है। उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था, उसके सप्लायर कौन हैं और जयपुर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा होने के बाद अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 170 बीएनएसएस के तहत 36 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर पाबंद किया गया।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी हरिओम सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल राजू चौधरी (जिनकी विशेष भूमिका रही), अमीलाल, प्रदीप कुमार, गंगाधर और ओमेश सिंह सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here