जोम्बी गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार: दस चोरी की बाइक बरामद

0
57
Two Cunning Criminals from 'Zombie Gang' Arrested
Two Cunning Criminals from 'Zombie Gang' Arrested

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने इस गिरोह को ‘जोम्बी गैंग’ नाम दिया है, क्योंकि आरोपी चोरी के बाद पुलिस से बचने के लिए शमशान घाट को अपना ठिकाना बनाते थे और रात में वहीं सोते थे।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विकास चौधरी उर्फ विकास जाट (20) निवासी सुवालो की ढाणी, बामणवास (चौमूं) तथा अक्षय पारीक (27) निवासी भगवान नगर, दीपपुरा (हरमाड़ा) शामिल ह। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दुपहिया वाहन चोरी की दर्जनों वारदातें करना स्वीकार किया है।

गिरोह के सदस्य मास्टर की से लॉक खोलकर अथवा डायरेक्ट वायरिंग कर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के बाद आरोपी वाहनों को तुरंत बेचने के बजाय पहले शमशान घाट में छिपाकर खड़ा कर देते थे। मामला शांत होने के बाद वे इन वाहनों को औने-पौने दामों में बेचकर नशे और अपने शौक पूरे करते थे।

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजेश कुमार गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) आलोक सैनी के सुपरविजन तथा हरमाड़ा थानाधिकारी उदय सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और संदिग्ध मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि विकास जाट के खिलाफ पूर्व में चोरी और डकैती की तैयारी के मामले दर्ज हैं, जबकि अक्षय पारीक के खिलाफ मारपीट और चोरी के प्रकरण लंबित हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और गिरोह के संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी उदय सिंह यादव, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, हेड कांस्टेबल ताराचंद, कांस्टेबल अनिल कुमार, करणी सिंह, रामप्रकाश, राकेश कुमार, महेश कुमार, हवा सिंह एवं चालक कांस्टेबल सुमेर सिंह की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here