मॉल में युवतियों का पीछा कर फब्तियां कसने वाले दो मनचले गिरफ्तार

0
108

जयपुर। शहर के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मनचलों को दबोचा है। ये युवक मॉल में युवतियों का पीछा कर रहे थे और उन पर फब्तियां कस रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर झोटवाड़ा थाने के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में ऑपरेशन गरिमा के तहत कालिका पेट्रोलिंग टीम (प्रेमलता, माया, साजन और सीताराम) झोटवाड़ा थाना इलाके में स्थित हाइपर सिटी मॉल में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम ने देखा कि दो युवक कुछ युवतियों का पीछा कर रहे हैं और उन पर अभद्र टिप्पणियां (फब्तियां) कर रहे हैं।

युवतियों ने तुरंत कालिका टीम के पास जाकर आपबीती सुनाई और मदद मांगी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों की पहचान योगेश निवासी हरमाड़ा और रवि कुमार निवासी हरमाड़ा के रूप में हुई है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने आमजन से अपील की है कि भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जाने वाली महिलाएं और बालिकाएं अपने मोबाइल में पुलिस की निर्भया हेल्पलाइन के नंबर जरूर सेव रखें। ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके। कालिका टीम की इस त्वरित कार्रवाई की युवतियों ने सराहना की और आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here