जयपुर। सदर थाना जयपुर पश्चिम पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। वहीं 15 साल से फरार 10 हजार रुपए के इनामी स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सदर थाना टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन चोर राहुल श्रीवास्तव (24) निवासी मानसरोवर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चार अन्य मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया, जिन्हें भी बरामद कर लिया गया। इस प्रकार कुल पांच मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी जावेद उर्फ जॉन (30) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल आरजे06 ईएस 5683 बरामद की। इसके अलावा टीम ने 15 साल से फरार धारा 299 सीआरपीसी के तहत स्थायी वारंटी आशा गुप्ता (68) निवासी रामनगरिया को भी गिरफ्तार किया।
आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने कुल 299 स्थायी वारंटों का निस्तारण किया है। कार्रवाई में थाना सदर पुलिस की विभिन्न टीमों की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
अवैध हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार
कालवाड़ थाना पुलिस ने “एक्शन अगेंस्ट गन्स” (आग) अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बंदूक बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि जिले में विशेष अभियान चलाकर आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई के साथ स्थायी वारंटियों व हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में कालवाड़ थानाधिकारी सुरेश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने बावरियों की ढाणी, ग्राम रामकुड़ी में कार्रवाई करते हुए आरोपी बनवारी (50) निवासी बावरियों की ढाणी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध बंदूक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




















