जयपुर। विधायकपुरी थाना पुलिस ने ऐसे दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है जो फुलेरा से ट्रेन में सवार होकर जयपुर आते और रेलवे स्टेशन के आसपास खड़े वाहनों की रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोपालबाड़ी से चुराई गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने करीब आधा दर्जन वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि विधायकपुरी थाना पुलिस ने ऋषि वर्मा (18) निवासी फुलेरा और विशाल गवारिया (21) निवासी इटावा फुलेरा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करते थे। वे फुलेरा से ट्रेन में बैठकर जयपुर आते और जयपुर जंक्शन तथा रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाकों में खड़े वाहनों की रैकी करते थे।
मौका मिलते ही बाइक चोरी कर वापस निकल जाते थे। पुलिस के अनुसा दोनों से पूछताछ जारी है। अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


















