जयपुर। शास्त्री नगर के नाहरी का नाका कब्रिस्तान में मंगलवार देर रात अज्ञात लोगों ने दो कब्र खोद दी। दोनों कब्रों से पत्थर की पट्टिकाएं हटाई हुई थी। सुबह फातिहा पढ़ने गए व्यक्ति ने अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। बड़ी संख्या पर स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। असामाजिक तत्वों की करतूत से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। जिन दो कब्रों को खोदा गया है उनमें दफन व्यक्तियों में एक की मौत तीन दिन पूर्व और एक की डेढ़ पहले हुई बताई जा रही है।
श्मशान का प्रबंधन करने वाली कमेटी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। एडीसीपी नॉर्थ बजरंग सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कब्र में वापस मिट्टी डलवाई। बाद में उन्होंने शास्त्री नगर पुलिस थाने में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडल के साथ बैठक भी की।
छह माह पूर्व भी हुई घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 6 माह पहले भी ऐसा ही मामला सामने आया था। तब विधायक अमीन कागजी ने दीवार ऊंची करवाने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने और दरवाजे पर ताला लगाने का आश्वासन दिया था। मगर केवल दीवार ऊंची करवाने के अलावा कुछ नहीं हुआ। रात को कब्रिस्तान में अंधेरा रहता है उसी की आड़ में असामाजिक तत्व क्रबों से छेड़छाड़ करते है।
कई साल पहले एक बच्चे की कब्र भी खोद डाली थी। उस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों के कब्रिस्तान की दीवार तो ऊंची करवा दी और दरवाजे पर ताला लगवा दिया। लेकिन मुख्य कब्रिस्तान 24 घंटे खुला रहता है। यहां कोई चौकीदार भी नहीं है।




















