जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने थाना इलाके में स्थित शिप्रा हाउस मैरिज गार्डन में कब्जे की नियत से तोड़ फोड़ कर चोरी करने के मामले में फरार आरोपी पंकज गुरवानी को अवैध हथियार देशी कट्टे के साथ किया गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आई-20 कार जब्त की है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से अवैध खरीद-फरोख्त करने वालों के बारे में गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।
उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज आईपीएस ने बताया कि अवैध हथियार रखने वाले व गंभीर वारदातों में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश जयपुर दक्षिण के सभी थानाधिकारीयो को दिए गए। इस कार्यवाही को अंजाम देने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि शिप्रा हाउस मैरिज गार्डन में तोड़फोड़ करने वाले लड़कों में से एक लड़का पंकज गुरनानी अभी शिप्रा हाऊस मैरिज गार्डन के पीछे की तरफ एक आई-20 कार लेकर खड़ा है। टीम ने मुखबिर की सूचना पर पंकज गुरवानी (31) निवासी कागदी वाडा ब्रह्मपुरी को दबोच लिया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो कार के अंदर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त करने वालों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।




















