जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को बारिश के बीच जयपुर में भव्य राज्यस्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई यात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा अल्बर्ट हॉल से रामनिवास बाग चौराहा, सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। समापन अवसर पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
तिरंगा यात्रा जनआंदोलन का रूप ले चुकी
यात्रा से पहले अल्बर्ट हॉल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि देश की गहरी भावनाओं और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा जनआंदोलन है। तिरंगा भारत की एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव का जीवंत प्रतीक है।
नड्डा ने हाल ही में राज्यसभा में पारित ‘प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर (संशोधन) एक्ट, 2026’ का उल्लेख करते हुए कहा कि संशोधन के बाद संविधान, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को भी राष्ट्रीय प्रतीकों के रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

उन्होंने तिरंगे के तीनों रंगों को राष्ट्रीय मूल्यों का प्रतीक बताते हुए कहा कि केसरिया साहस और बलिदान, सफेद सत्य और शांति तथा हरा हरियाली और समृद्धि का प्रतीक है। अशोक चक्र निरंतर परिवर्तन और गतिशीलता का संदेश देता है।
नड्डा ने कहा कि वर्ष 2022 में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए तिरंगे को सरकारी भवनों तक सीमित रखने के बजाय हर घर और हर दिल तक पहुंचाने का आह्वान किया था। इसके बाद प्रभात फेरियों और तिरंगा यात्राओं के माध्यम से यह अभियान व्यापक जनआंदोलन बन गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश गुलामी की मानसिकता और उसकी निशानियों से बाहर निकलकर राष्ट्रीय पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राजस्थान की धरती से तिरंगे का ऐतिहासिक नाता
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि तिरंगे का राजस्थान की वीर धरा से गहरा ऐतिहासिक संबंध है। 15 अगस्त 1947 को देश की आजादी के अवसर पर पहली बार फहराया गया तिरंगा राजस्थान के दौसा से बनकर गया था। उस समय दौसा जयपुर रियासत का हिस्सा था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘अमृत महोत्सव’ के दौरान शुरू हुई तिरंगा यात्रा अब देश के जन-जन की यात्रा बन चुकी है। देश जल्द ही अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है और यह प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथ में तिरंगा आते ही स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव और बढ़ जाता है। तिरंगा अनेकता में एकता और विविधता का सबसे बड़ा प्रतीक है। उन्होंने अपने स्कूली दिनों की प्रभात फेरियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय गलियों में तिरंगा लेकर ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे देशभक्ति गीत गूंजते थे। आज की तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा के भाव को मजबूत कर रही है।
शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल घरों की छत पर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के दिल में भी धड़कना चाहिए। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के निर्माण के प्रति कर्तव्य की भावना प्रत्येक व्यक्ति में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र पर राजस्थान सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बारिश के बीच यात्रा के आयोजन को लेकर कहा कि इंद्रदेव भी तिरंगा यात्रा का बारिश से स्वागत कर रहे हैं।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने यात्रा में शामिल अतिथियों, कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार व्यक्त किया। अल्बर्ट हॉल पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।
यात्रा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, कैलाश मेघवाल, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, मदन दिलावर, झाबर सिंह खर्रा, गजेंद्र सिंह खींवसर, जोगाराम पटेल, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, डॉ. अलका गुर्जर, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, विधायक गोपाल शर्मा और बालमुकुंदाचार्य सहित पार्टी के पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
पूर्व सैन्य अधिकारियों से संवाद, स्वतंत्रता सेनानी से मिले नड्डा
तिरंगा यात्रा के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ संवाद किया। इसके बाद नड्डा ने स्वतंत्रता सेनानी प्रवीण चंद्र छाबड़ा के आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की।



















