पटाखा फैक्ट्री हादसे के मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार

0
44
Three arrested, including the prime accused, in the firecracker factory accident.
Three arrested, including the prime accused, in the firecracker factory accident.

जयपुर। जयपुर पूर्व जिले की खोह नागोरियान थाना पुलिस ने विशेष सर्च अभियान के तहत एक साथ कई कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों और वांछित अपराधियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने 9 जून को करीम नगर-बी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपी फिरोज और मकान मालिक कयूम खान को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन साल से फरार पॉक्सो एक्ट के आरोपी को भी दबोचा गया है। वहीं अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 45 गैस सिलेंडर, रेगुलेटर और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।

डीसीपी (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 9 जून 2026 को करीम नगर-बी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट और आगजनी में आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में दर्ज प्रकरण के तहत मुख्य आरोपी फिरोज (33) निवासी फरूखनगर (गाजियाबाद) को केंद्रीय कारागार जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। वहीं अवैध विस्फोटक भंडारण से जुड़े दूसरे मामले में मकान मालिक कयूम खान (50) निवासी रहीम नगर खोह नागोरियान को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ जारी है।

इसी अभियान के दौरान वर्ष 2023 से अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी लाला मीणा उर्फ विवेक मीणा (22), निवासी टोडाभीम (करौली) को दौसा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पहचान छिपाकर मजदूरी कर रहा था।

पुलिस ने देविका नगर क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार का भी भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में 31 घरेलू, 9 व्यावसायिक तथा 5 अप्रमाणित छोटे गैस सिलेंडर सहित कुल 45 सिलेंडर, एक रेगुलेटर, रबर पाइप, जुगाड़ उपकरण और चार बांसुरियां जब्त की गईं। रसद विभाग की सूचना पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल परमानंद की विशेष भूमिका रही, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

इसके अलावा स्थाई वारंटियों के खिलाफ अभियान में दो वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक आरोपी के विरुद्ध जयपुर पुलिस आयुक्तालय में धोखाधड़ी और जालसाजी के 15 गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here