रोडियम पॉलिश की दुकान में नकबजनी करने वाला इनामी चोर गिरफ्तार

0
40

जयपुर। माणकचौक थाना पुलिस ने जौहरी बाजार के गोपाल जी का रास्ता स्थित रोडियम पॉलिश की दुकान में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी मोहम्मद मोसिन उर्फ लूंगी और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी संजय महरचंदानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद करने के प्रयास कर रही है।

पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि 20 जून को राजधानी रोडियम के संचालकों ने दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दुकान शनिवार रात 9:30 बजे बंद की गई थी और रविवार को अवकाश था। सोमवार सुबह 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की खिड़की की जाली टूटी मिली।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि रविवार शाम 5:20 से 5:37 बजे के बीच चोर दुकान में घुसे थे। आरोपी करीब 6 से 7 किलो चांदी का सामान और सोने की पॉलिश किए हुए लगभग 25 से 30 किलो तांबे के तार चोरी कर ले गए थे।

जिस पर थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर मोहम्मद मोसिन उर्फ लूंगी (26) निवासी कटिहार बिहार हाल शास्त्री नगर जयपुर और उसका साथी संजय महरचंदानी (41), निवासी कंवर नगर सुभाष चौक जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मोसिन नशे का आदी है और साथी अशरफ के साथ कचरा बीनने की आड़ में सूनी दुकानों व मकानों की रैकी करता था।

बाजारों में रविवार को कम भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करते और पकड़े जाने से बचने के लिए चोरी का सामान छोटे कबाड़ियों को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। जानकारी के अनुसार मोहम्मद मोसिन उर्फ लूंगी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here