जयपुर। हवामहल के सामने देशी-विदेशी महिला पर्यटकों और बालिकाओं की बिना अनुमति तस्वीरें खींचने तथा अशोभनीय टिप्पणियां करने के मामले में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने आरोपी फिरोज खान (40) को पकड़कर माणकचौक थाना पुलिस के हवाले किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल में कई महिला पर्यटकों की तस्वीरें मिलीं, जिन्हें टीम ने डिलीट करवाया।
पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया ने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पर्यटन स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, पीजी, मॉल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है।
जिस पर कालिका टीम की सदस्य लक्ष्मी, ज्योति, राकेश और कपिल माणकचौक थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान हवामहल के सामने एक व्यक्ति मोबाइल से आने-जाने वाली महिला पर्यटकों की तस्वीरें खींचता और उनके पास से गुजरने पर अशोभनीय टिप्पणियां करता दिखाई दिया।
संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और मोबाइल की जांच की। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में कई महिला पर्यटकों की तस्वीरें मिलीं। आरोपी फिरोज खान अहमदाबाद का निवासी है और वर्तमान में जयपुर में रह रहा था। उसे पुलिस को सौंप दिया गया, जहां उसे गिरफ्तार किया गया।



















