परकोटे के सिद्ध गणेश मंदिर का 13वां पाटोत्सव 15-16 जुलाई को

0
39

जयपुर। परकोटे के धाबाईजी का खुर्रा चौकड़ी रामचंद्रजी स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक सिद्ध गणेश मंदिर का 13वां पाटोत्सव आगामी 15 और 16 जुलाई को बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस दो दिवसीय भव्य आयोजन के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग और विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

पाटोत्सव के पहले दिन, 15 जुलाई को प्रातः काल भगवान गणेश के मुख्य विग्रह का दुग्धाभिषेक कर दो दिवसीय महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके बाद चौथ माता एवं विनायक जी का विशेष मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। इसी दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पारंपरिक मेहंदी रस्म का आयोजन भी होगा। महोत्सव के दूसरे दिन, 16 जुलाई को सिद्ध विनायक महाराज के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

इस दिन ठाकुरजी का अलौकिक ‘फूल बंगला श्रृंगार’ किया जाएगा और भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। पाटोत्सव के समापन पर सायंकाल हजारों श्रद्धालुओं के लिए एक विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरभर से भक्त प्रसादी ग्रहण करने पहुंचेंगे।

यह पूरा पाटोत्सव महोत्सव पूज्य संत-महात्माओं के दिव्य सान्निध्य में संपन्न होगा। इस पावन अवसर पर सरस निकुंज पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज तथा श्री सियाराम महाराज सहित अनेक वरिष्ठ संतजन मंदिर पहुंचकर ठाकुरजी के दर्शन करेंगे और उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचन प्रदान करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here