स्कूल बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत में 18 स्कूली बच्चे घायल

0
30

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के जोबनेर थाना इलाके में शनिवार सुबह स्कूल बस और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। इस हादसे में स्कूल बस में सवार करीब 18 बच्चे घायल हो गए। इनमें से करीब छह बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया। कार सवार लोगों को भी चोटें आई हैं।

जोबनेर थानाधिकारी हनुमान सहाय ने बताया कि यह हादसा जोबनेर-आसलपुर-महला मार्ग पर सीमेंट फैक्ट्री के पास हुआ। जहां प्राइवेट स्कूल की बाल वाहिनी बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस और कार दोनों सड़क पर पलट गए।

टक्कर के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर जोबनेर थाना पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को बस से बाहर निकाला गया।

इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जोबनेर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। करीब छह गंभीर घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। बच्चों के सिर, हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार कार में सवार लोग चित्तौड़ से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में उन्हें भी हल्की चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों के पलटने से यातायात बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा कर कब्जे में ले लिया है। हादसा किस कारण हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here