जयपुर। गलता गेट थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 22 वर्षीय एक फल विक्रेता युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
गलता गेट थानाधिकारी धर्म सिंह के अनुसार मृतक समीर अपने परिवार के साथ ईदगाह मोहल्ला, बिलौचिया में किराए से रहता था और इलाके में ही फ्रूट का ठेला लगाता था। रोजमर्रा की भांति गुरुवार सुबह भी वह काम पर निकला था। दोपहर लगभग 1 बजे वह ठेला लेकर घर लौटा और कुछ समय रुकने के बाद घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित अपने फ्रूट गोदाम चला गया।
दोपहर करीब 2 बजे गोदाम के पास मौजूद समीर की चाची किसी कार्य से कुछ देर के लिए बाहर गईं। इसी दौरान समीर ने गोदाम के भीतर साड़ी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। 10-15 मिनट बाद जब चाची वापस आईं, तो समीर को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत शोर मचाकर परिजनों को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और एंबुलेंस की मदद से सवाई मानसिंह अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवक द्वारा आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।


















