जयपुर। भगवान महावीर के 2552वें निर्वाणोत्सव वर्ष के पावन अवसर पर उनके मूल सिद्धांतों— ‘जीयो और जीने दो’ तथा विश्व शांति का संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से बुधवार को जयपुर से श्री महावीर जी के लिए 40वीं पदयात्रा भव्य जयकारों के साथ रवाना हुई। श्री दिगम्बर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस पदयात्रा को लेकर जैन समाज में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष की पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी बढ़-चढ़कर शामिल हुई हैं।
पदयात्रा संघ के संरक्षक सुभाष चंद जैन और संयोजक महेश चंद जैन के नेतृत्व में यह पदयात्रा आगरा रोड स्थित खानिया के संघीजी की नसिया से रवाना हुई। यात्रा के प्रस्थान से पूर्व समाज के गणमान्य श्रेष्ठीजनों ने पदयात्रियों को तिलक लगाकर और दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया तथा संघ को विधिवत रूप से ध्वज दिखाकर रवाना किया।
प्रचार प्रभारी विनोद जैन कोटखावदा ने जानकारी दी कि पदयात्रा को रवाना करने के अवसर पर संघ के पूर्व संयोजकों और गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही। इनमें निर्मल सोगानी, सुरेश ठोलिया, कुंथी लाल रावंका, सूर्य प्रकाश छाबड़ा, सलिल जैन, प्रकाश गंगवाल, अमर चंद दीवान खोराबीसल, विनेश सोगानी, सुनील चौधरी, मनीष लुहाड़िया, राजेंद्र जैन मोजमाबाद, राजकुमार बड़जात्या, देवेंद्र गिरधरवाल, जिनेन्द्र जैन, पवन जैन, सुशील जैन, भाग चंद गोधा, सोभाग मल जैन के साथ-साथ समाजश्रेष्ठी रमेश तिजारिया, पदम बिलाला, मनीष बैद, भारत भूषण जैन, नवीन बिल्टीवाला, शकुंतला पांड्या और रेखा जैन सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
आयोजन के तहत यह पदयात्रा 15 अक्टूबर को मोहनपुरा दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी। यहाँ पहुंचने पर भगवान का अभिषेक, शांतिधारा और सामूहिक पूजा का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक प्रश्नमंच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।



















