जयपुर उत्तर पुलिस का बड़ा धमाका: 1.06 करोड़ के 590 गुमशुदा मोबाइल बरामद

0
57
590 Missing Mobile Phones Worth ₹1.06 Crore Recovered
590 Missing Mobile Phones Worth ₹1.06 Crore Recovered

जयपुर। खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन मिलने की आस छोड़ चुके सैकड़ों लोगों के लिए जयपुर उत्तर जिला पुलिस की कार्रवाई बड़ी सौगात लेकर आई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत जयपुर उत्तर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 590 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन आधुनिक एंड्रॉइड और आईफोन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 6 लाख रुपए आंकी गई है, जिन्हें शुक्रवार को पुलिस द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया।

ऑनलाइन ठगी के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक: 4.88 करोड़ कराए होल्ड

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि विशेष साइबर अनुसंधान इकाई (जयपुर उत्तर) द्वारा साइबर फ्रॉड के मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतों पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने वर्ष 2025 और 2026 में अब तक 4.88 करोड़ रुपए की ठगी गई राशि को अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड करवाया है। इनमें से लगभग 1.70 करोड़ रुपए की राशि सुरक्षित रूप से पीड़ितों के बैंक खातों में रिफंड भी करवाई जा चुकी है, जबकि शेष राशि को वापस दिलाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है।

ऑपरेशन म्यूल हंटर: फर्जी खातों से ठगी करने वाले 4 आरोपी दबोचे

पुलिस मुख्यालय द्वारा फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) और फर्जी सिम कार्डों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान “म्यूल हंटर” के तहत जयपुर उत्तर जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। इसके अंतर्गत पुलिस थाना विद्याधर नगर, जालूपुरा और माणक चौक में 1-1 प्रकरण दर्ज कर कुल 4 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए 6 आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक (इंसदादी) कार्रवाई अमल में लाई गई है।

चलाया विशेष जागरूकता अभियान

साइबर यूनिट जयपुर उत्तर और थाना पुलिस की टीमों द्वारा आमजन और युवाओं को ठगी से बचाने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में छात्रों को राजकोप सिटीजन ऐप, सीईआईआर पोर्टल, चक्षु पोर्टल और 1930 नेशनल साइबर हेल्पलाइन के बेहतर उपयोग और साइबर सुरक्षा के नियमों के बारे में जागरूक किया गया है।
इनकी रही विशेष भूमिका

इस संपूर्ण अभियान के सफल संचालन में विशेष साइबर अपराध अनुसंधान इकाई जयपुर उत्तर की सराहनीय भूमिका रही। जयपुर उत्तर के सभी थानों ने मिलकर मोबाइल रिकवरी की इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें विशेष रूप से पुलिस थाना विद्याधर नगर के कांस्टेबल प्रदीप कुमार और मनजीत चौधरी का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here