74 वर्षीय बुजुर्ग को 10 दिन डिजिटल अरेस्ट रखकर ठगे 1.74 करोड़ रुपए

0
42

जयपुर। वैशाली नगर थाना इलाके में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने 74 वर्षीय जितेंद्र नाथ भार्गव को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 10 दिन तक गिरफ्तारी और संपत्ति जब्त करने का डर दिखाकर 1 करोड़ 74 लाख रुपए ठग लिए। आरोपियों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपियों ने बुजुर्ग को कथित तौर पर कहा कि उनके बैंक खाते में गलत लेन-देन हुआ है और उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है। इसके बाद उन्हें अलग-अलग लोगों से वीडियो कॉल के जरिए जुड़वाया गया। एक व्यक्ति की मोबाइल स्क्रीन पर सुप्रीम कोर्ट दिखाई दे रहा था, जबकि दूसरे व्यक्ति को दिल्ली का डीजीपी बताकर बात करवाई गई। आरोपियों ने अलग-अलग पदों और संस्थाओं का नाम लेकर पीड़ित पर दबाव बनाया और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाया।

आरोपियों ने बुजुर्ग को लगातार निगरानी में रखने का डर दिखाया और किसी से बात नहीं करने दी। गिरफ्तारी तथा संपत्ति जब्त करने की धमकी देकर अलग-अलग लेन-देन के माध्यम से उनसे कुल 1 करोड़ 74 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनका बेटा सिंगापुर में रहता है, जबकि बेटी राजस्थान से बाहर रहती है।

ठगी का अहसास होने पर जितेंद्र नाथ भार्गव ने अपने एक परिचित को पूरी घटना बताई। इसके बाद वे वैशाली नगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर विशेषज्ञों की मदद से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, वीडियो कॉल और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उनकी जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here