मैरिज ब्यूरो के नाम पर 90 वर्षीय बुजुर्ग को फंसा कर तीन साल में ठगे 9 लाख

0
39

जयपुर। महेश नगर थाना इलाके में मैरिज ब्यूरो के कर्मचारी बनकर शातिर जालसाजों ने 90 वर्षीय बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाकर करीब 9 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोपियों ने बुजुर्ग को बदनाम करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर करीब तीन साल तक ब्लैकमेल किया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब बुजुर्ग के बेटे ने बैंक खाते की जानकारी जांची। पीड़ित के बेटे ने महेश नगर थाने में मामला दर्ज कराया है।

एएसआई कैलाश चंद ने बताया कि महेश नगर निवासी 79 वर्षीय व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार उनके 90 वर्षीय पिता के मोबाइल पर वर्ष 2022 में ‘शादी सेंटर डॉट कॉम’ नाम की कंपनी से जुड़े कुछ अनजान कर्मचारियों ने फोन किया था।

बातचीत के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग को अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और बदनाम करने की धमकियां देकर डराया-धमकाया जाने लगा।
आरोपियों ने धमकियों का भय दिखाकर बुजुर्ग से रुपए मांगना शुरू कर दिया। पिछले करीब तीन साल में अलग-अलग समय पर ब्लैकमेल कर उनसे करीब 9 लाख रुपए वसूल लिए। इस दौरान बुजुर्ग ने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी।

कुछ समय बाद जब बेटे को रुपयों की जरूरत पड़ी तो उसने अपने पिता से बैंक खाते को लेकर बातचीत की। पिता की ओर से बैंक खाते की जानकारी देने में आनाकानी करने पर बेटे ने तसल्ली देकर पूछताछ की। इसके बाद बुजुर्ग ने बेटे को आरोपियों की ओर से किए जा रहे ब्लैकमेल और रुपए वसूलने की पूरी बात बताई।

बेटे ने बैंक खाते की डिटेल निकाल कर जांच की तो पिछले करीब तीन साल में अलग-अलग लेन-देन के जरिए करीब 9 लाख रुपए दिए जाने का पता चला। इसके बाद महेश नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर ब्लैकमेल करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here