पेपर लीक माफियाओं को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए हिम्मत या औकात की जरूरत नहीं, सरकार की मंशा ही काफी: जितेंद्र गोठवाल

0
310
It doesn't take courage or capability to put the paper leak mafia behind bars: Jitendra Gothwal
It doesn't take courage or capability to put the paper leak mafia behind bars: Jitendra Gothwal

जयपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री और विधायक जितेंद्र गोठवाल ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान का पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश के 70 लाख युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के राज में पनप रहे पेपरलीक माफियाओं पर भजनलाल सरकार ने नकेल कंसने का कार्य किया है। महज 7 माह में 120 से अधिक पेपर लीक माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम भी भाजपा की भजनलाल सरकार ने किया है।

अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए हिम्मत या औकात की जरूरत नहीं होती, अगर आवश्यकता होती है तो केवल मंशा की और नेक इरादों की। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस को अपराधियों पर कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। इसी की बदौलत आज पेपर लीक माफिया जेल में है। पेपर लीक माफियाओं का उद्योग चलाने वाले डोटासरा अब बेरोजगारों की चिंता करने का ढोंग कर रहे हैं।

भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ने तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताया है। डोटासरा भूल गए कि भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की बदौलत केंद्र में तीसरी बार सरकार बनी है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के नाम पर देश में गृहयुद्ध होने का बयान देने वाले कांग्रेसी नेताओं की जुबान पर मोदी सरकार ने ताला लगा दिया। मोदी सरकार ने धारा 370 हटाई और लाल चौक पर जाकर तिरंगा भी फहराया गया। आज उसी कश्मीर में लोग अमन-चैन और भाईचारे के साथ रह रहे है।

भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि कांग्रेस के अनुभव वाले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर उनके ही कोटा के सांगोद से आने वाले जनप्रतिनिधि ने भ्रष्ट लोगों को संरक्षण देने वाला बताया और कहा कि गहलोत का ईमान मर चुका है, ये भ्रष्ट लोगों को संरक्षण दे रहे है। डोटासरा गहलोत और पायलट के संवाद को भी भूल गए। पायलट का निकम्मा, नकारा कहने वाले गहलोत 5 साल अपनी कुर्सी को बचाने में ही लगे रहे। अब गांव से आने वाले किसान के बेटे को मुख्यमंत्री बना दिया तो ये अनर्गल बयानबाजी कर रहे है।

भाजपा के विधायक जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं ने ही देश को धर्म-जाति के नाम पर बांटने का काम किया था। कांग्रेसी नेताओं ने तुष्टिकरण की नीति अपनाकर धार्मिक उन्माद फैलाने का काम किया था। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के राज में लचर कानून व्यवस्था के चलते प्रदेश दुष्कर्म, महिला और दलित अत्याचार जैसे अपराधों के मामलों में देशभर में प्रथम स्थान पर पहुंच गया था। कांग्रेस सरकार ने 5 साल के राज में प्रदेश को गर्त में धकेल दिया था।

वहीं दूसरी ओर भाजपा की भजनलाल सरकार ने सत्ता में आने के बाद ही अपराध पर लगाम लगाने के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स गठित की, बदमाशों के घरों पर बुलडोजर चलाया और पेपर लीक के मामलों की त्वरित जांच के लिए एसआईटी गठित की और भी कई सख्त एक्शन लिए गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिस हिसाब से 7 माह में जनहित में कई ऐतिहासिक फैसले किए है उससे सरकार की मंशा साफ कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here