जयपुर। आगामी 16 और 17 दिसंबर को ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम (जीएसटीएफ) का आयोजन उदयपुर में होगा। दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश के 1000 से अधिक उद्यमियों और तकनीकी विशेषज्ञों के भाग लेने की संभावना है। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को रीको कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश ओला ने की।
लघु उद्योग भारती के संयुक्त राष्ट्रीय महामंत्री नरेश पारीक ने बताया कि इस वर्ष जीएसटीएफ में 1000 से अधिक उद्यमी भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय मंच पर इटली, चीन और श्रीलंका सहित कई देशों के तकनीकी विशेषज्ञ स्टोन उद्योग में हो रहे वैश्विक नवाचारों और आधुनिक तकनीकों पर व्याख्यान देंगे। इससे भारतीय स्टोन उद्योग से जुड़े उद्यमियों को नई तकनीकों और वैश्विक बदलावों की जानकारी मिलेगी।
जीएसटीएफ के संयोजक नटवरलाल अजमेरा ने बताया कि कार्यक्रम में तकनीकी विषयों के साथ राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (आरआईपीएस), एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), आरईपीसी, ईपीएम तथा पर्यावरण एवं उद्योग से संबंधित सरकारी नीतियों और उद्योगों को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उदयपुर से ऑनलाइन बैठक में जुड़े कपिल सुराणा ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 250 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। बैठक में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स (सीडीओएस) के उपाध्यक्ष दीपक अजमेरा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकुल रस्तोगी, मनोज पारीक, संजय बगरिया, प्रकाश पोखरना, अशोक माथुर और रवि शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर तैयारियों को समय पर पूरा करने पर चर्चा की गई।

















