पुष्य नक्षत्र में आज होगा प्रथम पूज्य का अभिषेक

0
496

जयपुर। बुधवार को पुष्य नक्षत्र में गणेशजी महाराज का पंचामृत और दूध से अभिषेक किया जाएगा। विशेष श्रृंगार कर अथर्वशीर्ष मंत्रों के साथ मोदक अर्पित किए जाएंगे। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में महंत पं. कैलाश शर्मा के सान्निध्य में सुबह आठ बजे मोतीडूंगरी गणेशजी का 151 किलो दूध, 21 किलो दही, सवा पांच किलो घी, 21 किलो बूरा, शहद एवं केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र एवं गुलाब इत्र से अभिषेक किया जाएगा।

सर्वप्रथम भगवान का गंगाजल, केवड़ा जल, गुलाब जल से अभिषेक होगा। पंचामृत अभिषेक के बाद गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया जाएगा। सुबह 11 बजे श्री गणपति सहस्त्रनाम से 1001 मोदक अर्पित किए जाएंगे। भगवान को फूल बंगले में विराजमान किया जाएगा। खीर का भोग लगाया जाएगा।

सूरजपोल बाजार स्थित श्वेत सिद्धि विनायक गणेशजी मंदिर में पं. नलिन शर्मा के सान्निध्य में गणेशजी का वेदमंत्रों के बीच दुग्धाभिषेक किया जाएगा। महालक्ष्मी की प्राप्ति के लिए हवन भी होगा। इसके बाद मूंग के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा।

ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित दाहिनी सूंड वाले नहर के गणेशजी मंदिर में महंत पं जय शर्मा के सान्निध्य में श्री गणपति अथर्वशीर्ष और श्री गणपति अष्टोत्तरशत नामावली से गणेशजी का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाकर शृंगार किया जाएगा।

चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में प्रथम पूज्य का दुग्धाभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी। फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ कर गणेश सहस्त्रनामावली से प्रथम पूज्य को मोदक अर्पित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here