जयपुर। सिंधी कैंप बस स्टैंड के पास मोटरसाइकिल खड़ी करने की बात पर हुई कहासुनी के बाद दो युवकों पर चाकू और बोतल से जानलेवा हमला करने के मामले में सिंधीकैम्प थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू, बोतल और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 की रात हुई वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके चलते थानाधिकारी वंदना नरूला के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार परिवादी सोनू सिंह और उसका दोस्त रोहित सिंह पोलो विक्ट्री के पास पवित्र भोजनालय चलाते हैं। 18 अक्टूबर को दोनों सिंधीकैम्प आए थे। यहां मेवाड़ ट्रेवल्स के सामने मोटरसाइकिल खड़ी करने की बात पर कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई थी।
आरोप है कि अगले दिन 19 अक्टूबर को दोनों स्टेशन रोड पर खाने का ऑर्डर देने पहुंचे तो दिलीप कुमावत उर्फ चुन्नू, उसका भाई नीरज कुमावत और उनके साथियों ने घात लगाकर उन पर चाकू और बोतल से हमला कर दिया।
हमले में सोनू सिंह और रोहित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनू सिंह, पुत्र भगवान सिंह, निवासी लता नगर, रावण गेट, करधनी के पर्चा बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर मुख्य आरोपी दिलीप कुमावत उर्फ चुन्नू और चंदन कुमार को पकड़ा। वहीं, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद करण वर्मा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर चाकू, बोतल और मोटरसाइकिल बरामद की गई। नीरज कुमावत और मोहम्मद अकरम की तलाश की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी दिलीप कुमावत उर्फ चुन्नू आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 11 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी चंदन कुमार और करण वर्मा के खिलाफ भी मारपीट और लूट के मामले दर्ज होना सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सिंधीकैम्प क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया।

















