पत्नी द्वारा दर्ज केस से परेशान युवक ने लगाई फांसी

0
44

जयपुर। जामडोली इलाके में एक युवक ने अपनी पत्नी के दर्ज केश से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल के मर्दाघर में भिजवाया। जहां से पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक इस पुलिस केस को लेकर काफी लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहा था।

थानाधिकारी रतन सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान जामडोली निवासी लेखराज मीणा (25) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे लेखराज पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में गया और रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। लगभग आधे घंटे बाद जब परिवार के लोग उसे बुलाने कमरे में पहुंचे, तो लेखराज को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लेखराज का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही वैवाहिक अनबन के कारण उसकी पत्नी ससुराल छोड़कर अपने पीहर चली गई थी। करीब एक साल पहले पत्नी ने महिला थाना (ईस्ट) में लेखराज और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। इस कानूनी कार्रवाई और केस के चलते लेखराज लगातार मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए और शव को फंदे से उतारकर एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के अन्य संभावित कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here