June 21, 2025, 9:32 pm
spot_imgspot_img

पाटोत्सव पर वृंदावन शैली की बधाइयों से गूंजा श्री निम्बार्क निकुंज बिहारी मंदिर

जयपुर। अजमेर रोड के हीरापुरा स्थित श्री निम्बार्क नगर के श्री निम्बार्क निकुंज बिहारी मंदिर के पंच दिवसीय पाटोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। जगद्गुरु श्री निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर श्याम शरण देवाचार्य श्रीजी महाराज के सानिध्य में सुबह ठाकुर जी का पंचामृत, पंचगव्य और 108 औषधियों से वेद मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराकर ऋतु पुष्पों से मनोरम श्रृंगार किया गया।

छप्पन भोग की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। दोपहर को समाज गायन में वृंदावन के स्वामी भुवनेश्वर वशिष्ठ, स्वामी गिरिराज प्रसाद, जयपुर के संतोष व्यास सहित अन्य लब्ध प्रतिष्ठित भजन गायकों ने देख छवि सांवरे की मैं तो हो गई बावरी सी, मेरे मन को यही भा गया, मोहे सांवरा पसंद आ गया…ऐ री सखी मंगल गाओ री…यशोदा जायो ललना मैं वेदन में सुन आई…जैसी बधाइयां वृंदावन शैली में गाईं तो महिलाओं ने भक्ति भाव से बधाइयों पर नृत्य किया।

दो दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं ने गुरु दीक्षा ग्रहण की। इस मौके पर श्री निम्बार्क निकुंज बिहारी मंदिर सेवा समिति के सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। पूरे मंदिर परिसर को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। इससे पूर्व यज्ञाचार्य डॉ. भास्कर श्रोत्रिय के आचार्यत्व यजमानों ने श्री गोपाल महायज्ञ में 31 हजार आहुतियां अर्पित की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा की। पांच दिवसीय पाटोत्सव पर आयोजित श्री गोपाल महायज्ञ की पूर्णाहुति शुक्रवार को होगी।

श्रीजी की कृपा से तीर्थ स्थल बन गया निम्बार्क नगर

आरती के बाद जगद्गुरु श्री निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर श्याम शरण देवाचार्य श्रीजी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि संतों के आगमन से वीरान जगह भी तीर्थ स्थल बन जाती है। श्रीजी महाराज की कृपा से यह स्थान प्रसिद्ध हो गया है। इसका नाम ही निम्बार्क नगर हो गया है। इसमें यहां के भामाशाहों का बहुत भारी योगदान है।

विशिष्ट जनों ने लिया श्रीजी महाराज से आशीर्वाद

सनातन बोर्ड संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश्वर शर्मा ने बताया कि पाटोत्सव में श्री सालासर बालाजी मंदिर के महंत विष्णु पुजारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान प्रांत कार्यालय भारती भवन के कार्यालय प्रभारी सुदामा, मुख्यमंत्री कार्यालय में कोर्डिनेटर राकेश शर्मा ,वैशाली नगर एसीपी आलोक गौतम, पूर्व निःशक्तजन आयुक्त उमाशंकर शर्मा, श्याम शर्मा सहित अनेक विशिष्ट जनों ने पाटोत्सव में हाजिरी लगाई और जगद्गुरु श्री निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर श्री श्याम शरण देवाचार्य श्रीजी महाराज से आशीर्वाद लिया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

25,000FansLike
15,000FollowersFollow
100,000SubscribersSubscribe

Amazon shopping

- Advertisement -

Latest Articles