शहरी सेवा शिविर: सिविल लाइन जोन के कैंप में उमड़ी आमजन की भीड़

0
127

जयपुर। राज्य सरकार के शहरी सेवा शिविरो में फरियादियों की भीड़ लगातार बढ़ती ही का रही है। शिविर के तीसरे दिन सिविल लाइन जोन के वार्ड 31 से 54 तक के निवासियों के लिए शास्त्री नगर स्थित जोन कार्यालय के सामने पार्क में कैंप लगाया गया। जिसमें सिविल लाइन विधायक गोपाल शर्मा, निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने मौके पर जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का तुरंत निस्तारण कराया। इस दौरान कुल 3748 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया, जिसमें 3240 लोगों का मौके पर ही कार्य निस्तारण किया गया।

जोन उपायुक्त सुनील कुमार बैरवा ने बताया कि आमजन की समस्याओं के लिए कैंप लगाया गया, जिसमें पट्टा संबंधी कार्य के लिए आए तीन लोगों को तुरंत राहत दी गई। सोडाला निवासी चंद्र प्रकाश झाझडिया, मुकेश शर्मा और सीनियर सिटीजन विवेक चौधरी का पट्टा म्यूटेशन किया गया। अपने मकान का पट्टा बनने पर सभी ने खुशी जताई और निगम प्रशासन का आभार जताया। इसके अलावा जन्म मृत्यु पंजीयन शाखा के 54, सीवर लाइन समस्या के 23, सफाई संबंधी 117 कार्यों का निस्तारण किया गया।

इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से आए बिजली, पानी, जनाधार, आधार कार्ड संबंधी कार्यों का भी तुरंत निस्तारण किया गया। इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा, आयुक्त डॉ निधि पटेल और अन्य जन प्रतिनिधि ने अशोक का पौधारोपण भी किया। विधायक गोपाल शर्मा ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे शहरी सेवा शिविर का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति में खड़े व्यक्ति को लाभ देना है और प्रशासन इसमें सफल भी हो रहा है। सरकार आम आदमी की जन समस्या को खत्म करने के लिए पूरी तरह से दृढ़ संकल्प है।

कैंप में पट्टा संबंधी कार्य, सिविल वर्क, जन्म मृत्यु, विवाह प्रमाण पत्र, बिजली समस्या, जनाधार, राष्ट्रीय खाद सुरक्षा एक्ट में नाम जुड़वाना, राशन कार्ड चालू कराना जैसे कार्य बड़ी आसानी से हो रहे है। लोग समस्याओं के अंत होने पर खुशी से घर जा रहे है, यही हमारी सफलता का परिणाम है। इस दौरान विधायक गोपाल शर्मा ने निगम अधिकारियों का आभार भी प्रकट किया। इस दौरान निगम चेयरमैन, पार्षद और अन्य निगम अधिकारी भी मौजूद रहे।

वहीं, हेरिटेज निगम मुख्यालय में लगाए गए कैंप में आयुक्त डॉ निधि पटेल ने जन सुनवाई की। इस दौरान पट्टा संबंधी चार लोगों की समस्या का निस्तारण किया गया। वहीं अन्य जन समस्याओं के तुरंत निस्तारण के निर्देश भी दिए। आयुक्त डॉ निधि पटेल ने बताया कि हेरिटेज निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन की ओर से आए हुए सभी आवेदन के निस्तारण जल्द कोई जाएं। जिससे राहत मिले। इसके अलावा निगम आयुक्त ने दिल्ली रोड, गलता गेट के पास निरीक्षण कर समस्याओं के तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here