जयपुर। एमईएएम यंग सिटीजन ऑफ इंडिया के सीजन-3 के तहत इंद्रा कॉलोनी स्थित एडवे सेकेंड्री स्कूल में क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में सात टीमों—टीपू सुल्तान, शेर-ए-मैसूर, एपीजे अब्दुल कलाम, निखत जरीन, सुरैया बी, फातिमा शेख और जीनत महल—ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए।
प्रतियोगिता में निखत जरीन टीम प्रथम, फातिमा शेख टीम द्वितीय और टीपू सुल्तान टीम तृतीय रही। विजेता टीमों को उपहार एवं प्रमाण-पत्र, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एमईएएम की महासचिव सारा इस्माईल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल सवाल-जवाब तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और ज्ञान को निखारना भी है। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों को अपने पूर्वजों के इतिहास और समाज के प्रति जिम्मेदारियों की जानकारी भी होनी चाहिए। शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास से ही जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है।
स्कूल निदेशक फैसल उस्मानी ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आयोजन में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



















