माँ तुझे प्रणाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम व लहरिया उत्सव का भव्य आयोजन

0
42

जयपुर। मानव एवं समाज सेवा को समर्पित जौहरी बाज़ार दिगम्बर जैन महिला समिति के तत्वावधान में भट्टारक जी की नसिया स्थित इंद्रलोक सभागार में “माँ तुझे प्रणाम” सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लहरिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समिति की आधार स्तम्भ डॉ. शीला जैन, विमला देवी छाबड़ा और भंवर देवी बेलेवाला की मधुर स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समिति की अध्यक्ष स्वर्ण लता अजमेरा, कार्याध्यक्ष नमिता छाबड़ा एवं मंत्री पुष्पा सोगानी ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेविका ऋतु कासलीवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि उमा दीवान और दीप प्रज्ज्वलक समाजसेविका रेणु राणा रहीं। कार्यक्रम में समाज की अनेक गणमान्य महिला अतिथियों का भावभीना स्वागत व सम्मान किया गया।

इसे पूर्व भगवान महावीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के बाद मंगलाचरण और लहरिया नृत्य की प्रस्तुति दी गई। ऋतु पापड़ीवाल के निर्देशन में डॉ. शीला जैन की स्मृति में ‘माँ तुझे प्रणाम’ विषय पर भावनापूर्ण नृत्य पेश किया गया। कोषाध्यक्ष तरुणा संघी के अनुसार, मोनोएक्टिंग विधा को जीवित रखते हुए परिवार के भावनात्मक ताने-बाने पर आधारित एकल नाटक की मार्मिक प्रस्तुति दी गई।

नीरा लुहाड़िया, संगीता छाबड़ा और भावना छाबड़ा ने सास-बहू की चुलबुली पेरोड़ी से समां बांधा। वहीं, आधुनिक वैवाहिक संबंधों में आने वाली चुनौतियों पर उमा, मीनाक्षी, रीना आदि ने प्रासंगिक नाटक प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में राजस्थान जैन युवा महासभा और राजस्थान जैन सभा के पदाधिकारियों का माल्यार्पण व पौधे भेंट कर अभिनंदन किया गया। गुलाबी व रानी रंग की लहरिया साड़ियों में सजी महिलाओं ने संगीत की धुनों पर थिरकते हुए पूरे सभागार को तालियों से गुंजायमान कर दिया।

अंत में आयोजित धार्मिक प्रश्नोत्तरी और हाऊजी प्रतियोगिता में विजेताओं को 100 से अधिक पुरस्कार वितरित किए गए। मंच संचालन पुष्पा सोगानी ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here