सिद्धि योग-कृतिका नक्षत्र में मनाया सुहाग पर्व करवा चौथ

0
134

जयपुर। करवा चौथ पर सिद्धि योग, उच्च के चंद्रमा और कृतिका नक्षत्र का संयोग रहेगा। यह विशेष योग व्रत करने वाली महिलाओं के लिए शुभ फलदायक रहेगा। शुक्रवार के दिन करवा चौथ आने से व्रतधारी महिलाओं को भगवान गणेश जी एवं माता लक्ष्मी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होगा। इस दिन चंद्रोदय रात्रि 8:27 बजे होगा।

ज्योतिषाचार्य बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि करवा चौथ के दिन संकष्टी चतुर्थी का पर्व भी रहेगा, जो भगवान गणेशजी को समर्पित है। महिलाएं पति की दीर्घायु और पारिवारिक सुख-समृद्धि के लिए भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान कार्तिकेय और गणेश जी की पूजा करेंगी। करवा चौथ को करक चतुर्थी भी कहा जाता है, जिसमें मिट्टी के करक (करवा) में जल भरकर चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाता है। इस बार करवा चौथ पहली बार चंद्रोदय तिथि के बजाय सूर्य की उदय कालीन तिथि के अनुसार मनाया जाएगा।

महिलाएं करेंगी उद्यापन

करवा चौथ पर महिलाएं करवा चौथ व्रत का उद्यापन करेंगी। चौदह महिलाओं को आमंत्रित कर भोजन कराया जाएगा। साड़ी और सुहाग का सामान भेंट किया जाएगा।
कई स्थानों पर महिलाएं सामूहिक रूप से व्रत का उद्यापन करेंगी। करवा चौथ पर सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे।

बाजारों में खरीदारी परवान पर

करवा चौथ को लेकर घर-घर में तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं बाजारों में भी करवा चौथ की खरीदारी को लेकर महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। साडिय़ां, श्रृंगार सामग्री, करवे और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी आवाजाही बनी हुई है। त्रिपोलिया बाजार और नाहरगढ़ का रास्ता की दुकानों पर करवा चौथ से जुड़ा सामान सर्वाधिक मात्रा में बिक रहा है।

दुकानदार करवा चौथ के सामान को किट बनाकर बेच रहे है। राजधानी के ब्यूटी पार्लर और सैलून संचालकों ने विशेष ऑफर और पैकेज लॉन्च किए हैं, जिससे महिलाओं में उत्साह और बढ़ गया है। कई पार्लरों में एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।

हेयर केयर पर भी बढ़ा फोकस

पार्लर संचालकों ने बताया कि इस बार महिलाएं स्किन केयर के साथ हेयर केयर पर भी विशेष ध्यान दे रही हैं। हेयर बोटोक्स ट्रीटमेंट, हेयर कलरिंग और स्पा ट्रीटमेंट का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। पार्लरों में इसके लिए अलग-अलग कॉम्बो पैकेज तैयार किए गए हैं।

श्रृंगार में नए पैकेजों की मांग

महिलाओं के लिए विशेष श्रृंगार पैकेज भी बनाए गए हैं, जिनमें पेडीक्योर, मैनीक्योर, फेशियल और हेयर सेटिंग शामिल हैं। पर्व से पहले पार्लरों में रौनक बढ़ गई है और सभी जगह करवा चौथ स्पेशल ऑफर का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here