गोपाष्टमी पर छोटी काशी डूबी गौ माता की भक्ति में

0
63

जयपुर। कार्तिक शुक्ल अष्टमी गुरुवार को राजधानी में गोपाष्टमी भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस मौके पर शहर में घर से लेकर मंदिर और गौशालाओं में भक्तों द्वारा गो माता बछड़ों की पूजा-अर्चना की गई। गौ भक्तों द्वारा गाय को तिलक लगाकर गुड़,चना हरा चारा खिला कर गाय के खुरों की पूजा कर पंचामृत से अभिषेक किया। गोशालाओं में आमजन को गौ सेवा के प्रति जागरूक भी किया गया।

इधर शहर में जिन घरों में गाय है। वहां भी सुबह से ही गाय के पूजन के लिए महिलाएं पहुंची और गायों की कुमकुम हल्दी का तिलक लगाकर और नया लाल रंग का कपड़ा ओढ़ाकर परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अलावा मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुए।

श्री गोविंद देवजी मंदिर में गोपाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया

श्री गोविन्द धाम ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज जयपुर में उत्सव गोपाष्टमी गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दिन मंगल झांकी पश्चात ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया एवं ठाकुर श्रीजी को केसरिया रंग की नटवर वेश पोशाक एवं विशेष अलंकार श्रृंगार एवं मुकुट धारण कराया गया।

साथ ही ठाकुर श्रीजी के सम्मुख गौ माता एवं बछड़ों के खिलौने सेवा में रखे गए। जिसमें ठाकुर श्रीजी के गोचारण भाव से अद्भुत दर्शन हुए। इस दिन ठाकुर श्रीजी को माखन मिश्री का विशेष भोग अर्पण किया जाता है। श्रृंगार झांकी पश्चात श्रीमन्माध्व गौडेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी की ओर से गौ पूजन मंदिर प्रांगण में तुलसा मंच पर किया गया। सर्वप्रथम गौ माता का अभिषेक, तत्पश्चात श्रृंगार आरती, एवं भोग अर्पण किया गया।

मंदिर प्रशासन द्वारा गौ पूजन व्यवस्था सत्संग भवन में मंगला से राजभोग झांकी तक रखी गई है जिसके द्वारा गोविंद भक्त दर्शनार्थी भी ठाकुर श्रीजी की प्रिय गौ माता जी का पूजन आदि कर पुण्य प्राप्त कर सकें। वहीं बड़ी चौपड़ स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में महंत के सानिध्य में गोपाष्टमी के अवसर पर भगवान को नई पोशाक धारण करवाई गई और चांदी की गाय का पंचामृत से अभिषेक कर श्रृंगार किया गया।

संकीर्तन सहित हुए कई कार्यक्रम

इधर हरे कृष्णा मूवमेंट और कृष्णा बलराम सेवा ट्रस्ट द्वारा हिंगोनिया गौ पुनर्वास केन्द्र में गोपाष्टमी महोत्सव मनाया गया। संस्था प्रमुख की ओर से गौ माता को बहुरंगी पोशाक और फूलों से सजाया गया। साथ ही गायों को गुड, चारा और अन्य खाद्य पदार्थ दिए गए।

ऑर्गेनिक उत्पाद और गौ आधारित वस्तुओं का लगा मेला

सांगानेर स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला में गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया है। सुबह से ही श्रद्धालु गौ-पूजन और गो-दर्शन कर रहे हैं। इस अवसर पर ऑर्गेनिक उत्पाद और गौ आधारित वस्तुओं का मेला भी लगाया है। गौशाला में गाय के गोबर से लकड़ी बनाई जा रही है। श्री गिरिराज पर्वत की झांकी सजाई गई है। वहीं दुर्गापुरा स्थित गोशाला के साथ हिंगोनिया गौशाला में भी गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया है। गौशालाओं में सुबह से ही गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।

पिंजरापोल, दुर्गापुरा हिंगोनिया, जोतड़ावाला सहित अन्य गौशालाओं में भरा मेला

इसके साथ ही शहर के पिंजरापोल, दुर्गापुरा हिंगोनिया, जोतड़ावाला सहित अन्य गौशालाओं में शाम से गौ मेला आयोजित हुआ। इसमें हजारों गो-भक्तों द्वारा गोसेवा की। वहीं गायों के मध्य सामूहिक हरिनाम संकीर्तन किया गया। शाम को भजन संध्या में गो महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुतियां दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here