जयपुर। मार्गशीर्ष शुक्ल उपन्ना एकादशी शनिवार को छोटीकाशी में विभिन्न स्थानों पर श्याम प्रभु का दरबार सजाकर लखदातार का गुणगान किया गया। अखंड ज्योति प्रज्वलित कर महाआरती की गई। स्थानीय और बाहर के कलाकारों ने श्याम प्रभु का गुणगान किया। मुख्य आयोजन श्री श्याम परिवार झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र के 27 वें वार्षिकोत्सव के रूप झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित आनंद मार्केट में भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। श्याम प्रभु का मनमोहक श्रृंगार कर अखण्ड ज्योति प्रज्वलित की गई।
छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक आनन्द गुप्ता ने बताया कि पुष्प वर्षा के बीच कुमार नरेन्द्र, गुरुग्राम से नरेश सैनी, कोलकाता के गौरव पारीक, रांची की पूजा पारीक के अलावा जयपुर के नवीन शर्मा, रोहित शर्मा, शुभम गोयल और हेमलता खण्डेलवाल ने कर्णप्रिय भजनों से वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम, बाबा तेरा दरबार बड़ा प्यारा, खाटू में आज श्याम जी विराजे सहित अनेक भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूमते रहे।
मुख्य संयोजक आनंद गुप्ता, संयोजक राजेन्द्र शर्मा, सूर्यकान्त गाडिया और प्रतीक जैन ने भजन कलाकारों और अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। इंडस्ट्रियल एरिया मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जयपुर तथा नव जनजागृति मंच सहित अनेक संगठनों और विभिन्न श्याम सेवी संस्थाओं के लोगों ने भी बाबा के कीर्तन का आनंद लिया। वार्षिकोत्सव का समापन बाबा श्याम की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
यहां भी बही श्याम भजन सरिता
रामगंज बाजार में कांवटियों का खुर्रा स्थित प्राचीन श्री श्याम मंदिर में एकादशी पर लक्ष्मी में विराजे श्याम सरकार एकादशी श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। महंत पं. लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में प्रमोद तिवारी, कुमार गिरिराज शरण, लक्ष्मीकांत खंडेलवाल, मनोज पारीक,अभिषेक खंडेलवाल, राजन भारती सहित अन्य ने श्याम प्रभु के दरबार में भजनों से हाजिरी दी।
म्हारे घरां पधारो श्याम संस्था, अग्रवाल फार्म की ओर से मानसरोवर सेक्टर-113 स्थित सत्संग स्थल पर भजन संध्या भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुई। बाबा श्याम का अनुपम श्रृंगार, अखंड ज्योत प्रज्वलन और छप्पन भोग अर्पण के बाद प्रकाश दास महाराज, गोपाल सेन सहित कलाकारों ने संगीतमय भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति की ओर से श्री श्याम भजनामृत सत्संग का आयोजन शनिवार को गोनेर रोड जगतपुरा स्थित कियारा विले में हुआ। श्याम प्रभु के मनमोहक दरबार के समक्ष शंकर झालानी, शंकरलाल नाटाणी, राजू महरवाल ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं।




















