लोक चेतना के स्वरों में गूंजा राष्ट्रभाव: मांड की मिठास में सजा ‘वन्दे मातरम्

0
44

जयपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विद्याधर नगर स्थित बियानी कॉलेज परिसर राष्ट्रभक्ति और लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया। संस्कार भारती जयपुर और बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेज की ओर से इंटरनेशनल ध्रुपद धाम ट्रस्ट के सहयोग से ‘पूर्व लोक मंथन: हम भारत के लोग’ के तहत ‘लोक चेतना के स्वर’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगीत, नाट्य और वैचारिक विमर्श के जरिए राष्ट्र-जागरण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ की विशेष प्रस्तुति से हुई। राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तुत इस कार्यक्रम में राजस्थानी मांड गायकी की पारंपरिक छटा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पद्मश्री पं. लक्ष्मण भट्ट तैलंग द्वारा स्वरबद्ध प्रेरणा गीत ‘हो जाओ तैयार साथी’ की प्रस्तुति ने माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।

लोकमंथन आयोजन समिति की उपाध्यक्ष एवं शास्त्रीय गायिका प्रो. मधु भट्ट तैलंग के संगीत निर्देशन में ध्रुपद धाम के 20 विद्यार्थियों ने प्रस्तुति दी। धीरेंद्र सिंह ने की-बोर्ड, गुलाम फरीद ने तबले और अनुज भट्ट ने ढोलक पर संगत की।

कार्यक्रम में प्रियदर्शिनी मिश्रा के लेखन एवं निर्देशन में ‘तिरंगा-ए जर्नी’ नाटक प्रस्तुत किया गया। दो दर्जन से अधिक कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और शहीदों के योगदान को जीवंत किया। डॉ. कपिल शर्मा के संगीत संयोजन, गगन मिश्रा की प्रकाश व्यवस्था और आशीष मिश्रा के सहयोग ने प्रस्तुति को प्रभावी बनाया।

समारोह में ‘लोकमंथन : एक चिंतन’ सत्र भी हुआ। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. गोपाल शर्मा ने भारतीय संस्कृति और लोकमंथन की प्रासंगिकता पर विचार रखे। संस्कार भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र भारती ने लोकमंथन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता शिक्षाविद् डॉ. राजीव बियानी ने की। शिक्षाविद् डॉ. अखिल शुक्ला और मेजर जनरल अनुज माथुर विशिष्ट अतिथि रहे।

कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र शर्मा ‘योगाचार्य’ ने किया, जबकि महानगर अध्यक्ष ओमेश मिश्रा ने आभार जताया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, प्रबुद्धजनों और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here