जयपुर। जिले में 23 नवंबर रविवार को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एसएनआईडी) की शुरूआत की जाएगी। इस टीकाकरण महाअभियान में जिले के 04 लाख से अधिक नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसमें नवजात से लेकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस जिले में 23 नवंबर को प्रारंभ होगा। बूथ पर टीकाकरण का समय प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक रहेगा। उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (एसएनआईडी) के पहले दिन 23 नवंबर रविवार को जिले में स्थापित किये गये 2 हजार 928 बूथों पर बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी।
इसके बाद अगले दो दिन ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में विभाग की ओर से गठित मोबाइल टीमें घर-घर जाकर खुराक से वंचित नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलायेगी। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. आशा मीणा ने बताया कि पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस में कुल 350 सुपरवाइजर अपनी सेवाएं देंगे। इसमें 75 मोबाइल टीमें और 130 ट्रांजिक्ट टीमें कार्य करेंगी। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जायेगी ।




















