जयपुर। राजधानी जयपुर का गौरव एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर चमकने जा रहा है। सामाजिक सेवा, शिक्षा, खेल और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय योगदान देने वाले राजकीय सम्मानित समाजसेवी जिनेश कुमार जैन को इस वर्ष संसदीय पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान 22 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।
यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय वेलफेयर ह्यूमन राइट फाउंडेशन एवं एप्सिलॉन ऑर्गेनाइजेशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। इसी मंच पर देश भर के चुनिंदा समाजसेवियों, कलाकारों, शिक्षाविदों और मानवाधिकार क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक डॉ. कबीर टाइगर ने बताया कि यह अवार्ड उन महान व्यक्तित्वों के लिए है जो राष्ट्र और समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य भारत में सेवा, संस्कृति, कला और मानवाधिकार जागरूकता को नई दिशा देना है। जिनेश कुमार जैन ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक योगदान,युवाओं में शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों को बढ़ावा देने,और समाज हित के कई अभियानों में सक्रिय भूमिका के माध्यम से स्वयं को एक उत्कृष्ट समाजसेवी के रूप में स्थापित किया है।
इन्हीं कार्यों को देखते हुए इस वर्ष उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान प्राप्त होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय समारोह में जिनेश कुमार जैन का सम्मान न केवल जयपुर, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनने के साथ प्रदेश की सामाजिक पहचान को भी और मजबूती प्रदान करेगी।




















