नगर निगम की कार्रवाई: सड़कों पर घूम रहे इकतालीस बेसहारा गौवंश रेस्क्यू

0
103

जयपुर। नगर निगम जयपुर की पशु प्रबंधन शाखा ने सोमवार को विद्याधर नगर एवं किशन बाग क्षेत्र में बेसहारा एवं निराश्रित गौवंश को लेकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर तथा उपायुक्त सीमा शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम डॉ. योगेश शर्मा एवं डॉ. राकेश कलोरिया ने पूरे क्षेत्र में सघन निरीक्षण करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।

अभियान के दौरान सड़कों, गलियों और आवासीय इलाकों में घूम रहे इकतालीस बेसहारा गौवंश को रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से हिंगोनिया गौ–पुनर्वास केंद्र भेजा गया। टीम ने मौके पर मौजूद पशुओं की स्थिति की जांच की तथा परिवहन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा किया।
इसी कार्रवाई के तहत क्षेत्र में संचालित दो अवैध डेयरियों पर भी निगम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर बंद कराया। टीम ने डेयरी संचालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध संचालन पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त सीमा शर्मा ने बताया कि आवासीय इलाकों और मुख्य सड़कों पर घूमते बेसहारा गौवंश न केवल यातायात बाधित करते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी बनते हैं। इसी को देखते हुए निगम द्वारा ऐसे क्षेत्रों में नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। जिससे शहर में यातायात सुचारू रहे और पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। लक्ष्य है कि शहर को बेसहारा पशु समस्या से मुक्त किया जाए और सभी गौवंश को सुरक्षित पुनर्वास केंद्रों तक पहुँचाया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here