जयपुर। सोडाला श्री श्याम मित्र मंडल सेवा समिति की ओर से 24 वां वार्षिक उत्सव बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उत्सव की शुरुआत शनिवार को प्रातः भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। जिसमें एक समान परिधान में सजी-संवरी सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए भाग लिया।
समिति अध्यक्ष अशोक स्वामी के अनुसार शनिवार सुबह 7.15 बजे राम मंदिर, 22 गोदाम से कलश यात्रा रवाना हुई, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई शिव मंदिर जमुना डेयरी, सोडाला स्थित उत्सव स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और धर्म लाभ अर्जित किया।
भजन संध्या में बही भक्ति की रसधारा
उत्सव के अंतर्गत शनिवार सायं 6.15 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भजन कलाकारों ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया। मधुर भजनों की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया।

आज होगा श्याम महायज्ञ व भंडारा
समिति ने बताया कि रविवार प्रातः 7.15 बजे से श्री श्याम महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विधि-विधान से संपन्न होने वाले यज्ञ में श्रद्धालु आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
उत्सव के समापन पर रविवार सायं 5 बजे से श्री श्याम भंडारा एवं पंगत प्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। समिति ने शहर वासियों एवं श्याम भक्तों से इस पावन आयोजन में सहभागी बनकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




















